भिलाई। बीती रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर-1 गणेश पंडाल में लगे ब्रेक डांस झूले में एक युवक गिर गया। इस हादसे में युवक गंभीर है। बीएम शाह अस्पताल भिलाई में युवक का उपचार जारी है। बीती रात तकरीबन 1 बजे के आसपास का हादसा है। देर रात तक युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। गणेश पंडाल समिति के सदस्यों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया था। जहां उपचार जारी है।
अब तक की पुलिस जांच में जो बातें सामने आई है उसके मुताबिक, तेलीबांधा रायपुर के रहने वाले विनय तुलानी अपने तीन दोस्तों के साथ गणेश झांकी देखने के लिए भिलाई आया था। ब्रेक डांस झूले में तीनों दोस्त चढ़े हुए थे। तभी झूला शुरू होते ही विनय अपनी सीट पर खड़े हो गया। लॉक खोलकर वह सेल्फी ले रहा था। तभी दर्दनाक हादसा हो गया।
इस हादसे में विनय के सिर पर गंभीर चोटें आई है। 29 वर्षीय युवक के सिर पर चोट की वजह से खून काफी बह गया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। भट्ठी थाना प्रभारी केके कुशवाहा ने बताया कि, घायल विनय तुलानी का उपचार बीएम शाह अस्पताल में चल रहा है। युवक गंभीर है। इस मामले की जांच जारी है।
सीजी मिरर्स कल्चर गणेशोत्सव समिति के महासचिव धन्नू मिश्रा ने बताया कि, मुझे ब्रेक डांस झूले वाले ने बताया कि, जिस युवक के साथ हादसा हुआ है, वह शराब के नशे में था। ब्रेक डांस झूला शुरू होते ही वह लॉक खोलकर खड़ा हो गया। जिसकी वजह से वह गिर गया और सिर पर चोट लग गई है। यह बात झूले वाले ने हमें बताई है।
धन्नू मिश्रा ने यह भी बताया कि, युवक ब्रेक डांस में दूसरी बार जिद करके चढ़ा था। पहली बार में उसे झूले वाले ने उतार दिया था। लेकिन जिद के कारण वह दोबारा चढ़ गया और झूला शुरू होते ही खड़ा हो गया। इसकी वजह से यह हादसा हुआ है। हमारी समिति काफी पुरानी है। हम सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हैं। हादसे के तुरंत बाद डायल-112 को बुलाकर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में घायल अवस्था में है। वह बेसुध है।