भिलाई में रिटायर्ड हेड कांस्टेबल के प्रॉपर्टी डीलर बेटे ने किया सुसाइड: VIP नंबर के शेवरले कार में आया… फिर पेड़ में गमछे के सहारे फंदा बना कर झूला युवक, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में मंगलवार सुबह एक और सुसाइड का मामला सामने आया है। इस बार एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था, उसने रिसाली सेंट थॉमस कॉलेज रोड के पास पेड़ से फंदे के सहारे झूल कर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि, वो वीआईपी नंबर (CG05 M1111) की कार लेकर दुर्ग से भिलाई पहुंचा था और यहां उसने फांसी लगा लिया। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जितेंद्र पाण्डेय पिता रवींद्र पाण्डेय उम्र 37 साल के रूप में हुई है। रवींद्र पाण्डेय दुर्ग पुलिस से प्रधान आरक्षक के पद से रिटायर हुए हैं। पहले पुलिस लाइन में रहते थे। वर्तमान में दुर्ग के महाराज चौक के पास रहते हैं। रवींद्र कुछ दिनों से बीमार थे। इसे लेकर जितेंद्र परेशान रहता था। TI राजकुमार लहरे ने कहा कि युवक के खुदकुशी का कारण पता नहीं लग पाया है। पुलिस परिजनों और उसके मित्रों से पूछताछ करेगी, तभी कुछ पता चल पाएगा।

बताया गया कि, जितेंद्र अपनी शेवरले कार से मंगलवार सुबह 5 बजे के करीब भिलाई टाउनशिप की तरफ आया। उसने सेंट थॉमस कॉलेज रोड के पास घने पेड़ वाली जगह पर अपनी कार पार्क की। इसके बाद एक पेड़ से गमछा बांधकर फंदा बनाया और उसमें झूल गया। सुबह 7 बजे के करीब जब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करने के बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया है।

Exit mobile version