जगदलपुर में महिला गैंग की शातिर चोरी का खुलासा : बच्ची के झोले में डालकर पार किए 1.75 करोड़ के जेवर, 2 नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार

1 करोड़ 75 लाख के जेवरात चोरी

जगदलपुर। शहर के पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये के सोने के जेवरात की उठाईगिरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 7 नवंबर को हुई इस वारदात को एक महिला गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो नाबालिगों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गैंग में करीब आधा दर्जन लोगों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला उठाईगिरी का राज

मिली जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे मोती ज्वेलर्स में दिवाली की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान गैंग की एक महिला दुकान में पहुंची। उसने पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठा लिया। इसके बाद महिला ने डिब्बा अपने साथ आई एक बच्ची को थमा दिया। बच्ची ने बड़ी सफाई से उसे अपने झोले में रख लिया और दोनों वहां से निकल गईं। कुछ देर बाद जब दुकान संचालकों को सोने का डिब्बा गायब होने का पता चला तो उन्होंने उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो दुकान में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई। फुटेज में महिला और बच्ची की पूरी करतूत सामने आ गई।

स्कॉर्पियो की पहचान कर आरोपियों के गांव तक पहुंची पुलिस

दुकान संचालक की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के साथ उस स्कॉर्पियो वाहन का भी पता लगाया गया, जिससे आरोपी दुकान तक पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने वाहन को ट्रैक करते हुए रायकोट पथरेली उड़वा गांव तक पहुंच बनाई। ग्रामीणों से पूछताछ में संदिग्धों के नाम की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को पकड़ लिया। जांच के दौरान CCTV फुटेज में दिखाई देने वाली बच्ची भी पुलिस के हाथ लगी, जिसने सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा झोले में रखा था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए रायकोट के जंगल में छिपे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया।

1200 ग्राम सोने के जेवरात हुए थे पार

दुकान संचालक ने पुलिस को बताया था कि चोरी हुए डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण रखे थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक ऑटो भी जब्त किया है। मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

एसपी ने दी मामले की जांच

एएसपी सुखनंदन सिंह राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में सोने के जेवरात गायब होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और वाहन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। स्कॉर्पियो को ट्रैक कर पुलिस आरोपियों के गांव तक पहुंची और चार लोगों को पकड़ा गया है।

Exit mobile version