जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा शोरूम की छत पर युवती का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई है, जो इसी शोरूम में काम करती थी। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपा ने 21 अक्टूबर को शोरूम में काम करना शुरू किया था। रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उसकी परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह अभी बात नहीं कर सकती और बाद में फोन करेगी। इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया।
फोन शोरूम में छूटा था दीपा का फोन
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे तक दीपा घर नहीं पहुंची तो उन्होंने शोरूम के कर्मचारियों से संपर्क किया। कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से दिखाई नहीं दे रही है और उसका मोबाइल फोन शोरूम में ही छूट गया है। इसके बाद कर्मचारी मोबाइल लेकर उसके घर पहुंचे। परिवार के सदस्य उसकी तलाश में शोरूम परिसर पहुंचे, लेकिन उस समय प्रतिष्ठान बंद मिला। अगले दिन सुबह दोबारा पहुंचने पर उन्हें दीपा की मौत की जानकारी मिली। शोरूम की छत पर उसका शव मिला था।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों का आरोप है कि दीपा के हाथों और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने नाखून जैसे निशान होने का दावा करते हुए मौत को संदिग्ध बताया है। परिवार ने यह भी सवाल उठाया है कि दीपा के लापता होने के बाद उसकी तलाश के दौरान शोरूम प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दी गई। सीसीटीवी फुटेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर भी परिजनों ने नाराजगी जताई है।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
टीआई ने दी मामले की जानकारी
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के अनुसार, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी भी दी गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
