दुर्ग: जिला कार्यालय में जनदर्शन, 120 आवेदन हुए प्राप्त… नहर किनारे केनाल रोड चौड़ीकरण को लेकर रहवासियों ने की शिकायत… PM आवास योजना में बाधा, शराब दुकान के विरोध और बिजली पोल की मांग भी

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार जिला कार्यालय के सभाकक्ष में डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव एवं हितेश पिस्दा ने साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 120 आवेदन प्राप्त हुए।

संत रविदास नगर, वार्ड क्रमांक 37 केम्प-2 भिलाई में नहर किनारे केनाल रोड चौड़ीकरण को लेकर रहवासियों ने जनदर्शन में शिकायत की। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पूर्व में रोड चौड़ीकरण हेतु जो मार्किंग की गई थी, वह 30 फीट के मानक के अनुसार थी और उसका लिखित नोटिस भी प्रभावितों को दिया गया था, लेकिन अब 40 फीट की सर्वे नाप कर कार्यवाही की जा रही है, जिससे उनका शेष बचा दुकान/मकान भी प्रभावित हो रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि नहर किनारे बनने वाली केनाल रोड की चौड़ाई अधिकतम 20 फीट तक सीमित रखी जाए, ताकि शासन की योजना के अंतर्गत सड़क का निर्माण भी सुचारू रूप से हो सके और स्थानीय रहवासियों को उनके मकानों व दुकानों के नुकसान से भी बचाया जा सके। इस पर डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव ने लोक निर्माण विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

वहीं ग्राम घुघवा (क) तहसील पाटन निवासी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आबंटित भूमि पर मकान निर्माण नही करने देने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि ग्राम घुघवा (क) में आवासीय भूमि आबंटित की गई है और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पहली किस्त 40,000 रुपये प्राप्त हो चुका है, लेकिन वर्तमान सरपंच द्वारा उन्हें निर्माण करने से रोका जा रहा है। परिवार ने जनदर्शन में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। इस पर डिप्टी कलेक्टर हितेश पिस्दा ने सीईओ जनपद पंचायत पाटन को निराकरण करने को कहा।

खुर्सीपार वार्ड 49, वृंदावन होटल के पास खुल रही शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों ने विरोध जताया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उक्त स्थान रिहायशी क्षेत्र है, जहां स्कूल, कॉलेज, मंदिर, मेडिकल जैसे संस्थान हैं। शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर प्रश्न चिन्ह लग जाएगा। साथ ही खुर्सीपार जोन-2 में अवैध कारोबार जैसे कबाड़ी, जुआ, सट्टा और नशे का व्यापार भी बढ़ता जा रहा है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने आबकारी विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। इसके साथ ही विराट नगर, वार्ड क्रमांक 51 बोरसी निवासियों ने विद्युत सुविधा की मांग की। उन्होंने बताया कि उक्त स्थान पर लगभग 10-15 मकान है। विगत एक वर्ष से वे अस्थायी कनेक्शन के सहारे बिजली ले रहे हैं क्योंकि उनके क्षेत्र में स्थायी विद्युत पोल नहीं है। इससे उन्हें अत्यधिक भुगतान करना पड़ रहा है और कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने सीएसपीडीसीएल को निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। जनदर्शन में विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

नक्सलियों का डंप बरामद, जवानों ने नष्ट किए टिफिन...

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में...

दुर्ग में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 18.63 लाख...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट खोलने और निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का...

भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें भ्रामक :...

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को संयंत्र प्रबंधन ने असत्य और भ्रामक बताया है। इस्पात मंत्रालय ने...

नीदरलैंड से दूल्हा पहुंचा छत्तीसगढ़, भुईगांव की क्रिस्टीना से...

जांजगीर-चांपा। शादियों में बैंड-बाजा, बारात और भव्य सजावट की परंपरा के बीच जांजगीर-चांपा जिले में एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।...