जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से सनसनी फैल गई है। मृतकों में पामगढ़ नगर पंचायत के BSP पार्षद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे शामिल हैं। दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किए जाने के बाद दोनों की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे चार दोस्त पामगढ़ के पुराने अस्पताल परिसर में एक साथ बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने शराब का सेवन किया। कुछ देर बाद राम खिलावन जांगड़े और जोहित खरे की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद दोनों को तत्काल पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बिलासपुर के दो अलग-अलग अस्पतालों में चला इलाज
पामगढ़ CHC में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। राम खिलावन जांगड़े को सिम्स में भर्ती कराया गया, जबकि जोहित खरे का इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके साथ शराब पीने वाले दो अन्य युवकों को पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों का इलाज फिलहाल जारी है।
शराब में जहरीला पदार्थ होने की आशंका
दो लोगों की मौत के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस शराब के सेवन के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने और मौत के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है।

