कवर्धा में बिजली विभाग को 4.30 करोड़ का चूना : दो वितरण केंद्रों में गबन के आरोप में कर्मचारी गिरफ्तार

विभागीय कर्मचारी मनोज साहू

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी की बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। पिपरिया पुलिस ने रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में कुल 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये के कथित गबन के मामले में विभागीय कर्मचारी मनोज साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

चार साल तक बैंक खाते में जमा नहीं कराई कंपनी की रकम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज साहू वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में पदस्थ था। इसी दौरान कंपनी की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कराए जाने का मामला सामने आया। विभागीय स्तर पर जांच और शिकायत के बाद दोनों केंद्रों में बड़ी वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ।

रवेली और मरका केंद्र में इतनी बड़ी रकम का अंतर

जांच में रवेली विद्युत वितरण केंद्र में 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये और मरका केंद्र में 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई। दोनों केंद्रों को मिलाकर कुल राशि 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पिपरिया थाने में धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए संबंधित कर्मचारी से पूछताछ की।

पूछताछ के बाद गिरफ्तारी, जेल भेजा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान मनोज साहू ने गबन से जुड़े कृत्य स्वीकार किए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version