पीएम जनमन आवास में गड़बड़ी पर एक्शन : डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर ठेकेदार पर FIR, 7.49 लाख की कथित ठगी के मामले

डिप्टी सीएम विजय शर्मा,

कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में आवास निर्माण का काम लेकर उसे पूरा नहीं करने और हितग्राहियों की रकम वापस नहीं करने के आरोप में ठेकेदार शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है।

मामला ग्राम पंचायत बेंदा के आश्रित ग्राम दुलदुला का है। शिकायत के आधार पर चिल्फी थाना पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि तीन हितग्राहियों से आवास निर्माण के लिए रकम लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।

तीन हितग्राहियों से 80-80 हजार लेने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, ग्राम दुलदुला निवासी राजीम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुए थे। हितग्राहियों के मुताबिक, योजना की पहली किस्त के तौर पर 40 हजार रुपये मिलने के बाद उन्होंने आवास निर्माण का काम शेख निजामुद्दिन उर्फ निक्की खान को सौंपा। इसके बाद दूसरी किस्त की 60 हजार रुपये की राशि भी ठेकेदार को नगद दी गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों हितग्राहियों से 80-80 हजार रुपये यानी कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उनके आवास का निर्माण पूरा नहीं कराया गया। रकम वापस मांगने पर भी पैसे नहीं लौटाने का आरोप है।

डिप्टी CM के निर्देश के बाद कार्रवाई तेज

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी के मामलों को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उनका कहना है कि जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों की राशि का दुरुपयोग या धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में दुलदुला के मामले में चिल्फी थाने में FIR दर्ज की गई है।

अब तक 3 ठेकेदारों पर FIR

कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना से जुड़े ऐसे मामलों में अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इससे पहले ग्राम आमानारा के हितग्राही बैसाखू बैगा की शिकायत पर थाना तरेगांव जंगल में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इसी तरह ग्राम राजाढ़ार के देवसिंह की शिकायत पर थाना चिल्फी में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

Exit mobile version