कवर्धा। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध भंडारण और कारोबार करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पंडरिया में दो व्यापारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर अवैध रूप से रखा गया धान पकड़ा गया। एक ही दिन में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
दो व्यापारियों के यहां मिली अनियमितता
कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग, कृषि उपज मंडी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की संयुक्त टीम ने पंडरिया में जांच अभियान चलाया। खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में टीम ने व्यापारी वासु ठाकुर के यहां जांच की, जहां 50 बोरी धान अवैध रूप से रखा मिला। टीम ने इसे जब्त कर लिया। वहीं, दूसरे व्यापारी सुशील गुप्ता के यहां जांच के दौरान 15 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया गया। इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया गया।
धान खरीदी में गड़बड़ी रोकने प्रशासन अलर्ट
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निगरानी रखने और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, धान खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए जिले में आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।

