रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और टोल प्लाजा की जानकारी के आधार पर अपहरण में इस्तेमाल काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो को ट्रेस किया। इसके बाद रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस के साथ समन्वय कर संभावित मार्गों पर नाकाबंदी कराई।
जानकारी के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने खमतराई पुलिस को सूचना दी कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू किए।

CCTV में दिखा अपहरण का पूरा घटनाक्रम
CCTV फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। फुटेज में सामने आया कि दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरदस्ती अपने साथ बैठा लिया था।
वाहन की पहचान सामने आने के बाद खमतराई पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लगातार ट्रैकिंग शुरू कर दी। पुलिस को वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल यूपी पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया।
रायपुर से यूपी तक अलर्ट, कई जगह नाकाबंदी
रायपुर पुलिस ने थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस को वाहन की लोकेशन, संभावित रूट और टोल प्लाजा से संबंधित जानकारी साझा की। इसके साथ ही चौपन, रॉबर्ट्सगंज समेत संभावित मार्ग में आने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया।
वाहन की लोकेशन में बदलाव के साथ ही रायपुर पुलिस संबंधित टीमों को लगातार अपडेट देती रही। तकनीकी निगरानी और नाकाबंदी के बीच आखिरकार अहरौरा क्षेत्र में संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया गया।
स्कॉर्पियो से 3 आरोपी हिरासत में
अहरौरा पुलिस ने वाहन में सवार तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले जाया गया था। आरोपी उसे उत्तर प्रदेश की ओर लेकर जा रहे थे।
हिरासत में लिए गए आरोपी
अभय सिंह (28) — निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
बृहस्पत देव सिंह (27) — निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर, उत्तर प्रदेश।
आदर्श सिंह (24) — निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश।
तीनों आरोपियों को अहरौरा क्षेत्र में हिरासत में लिया गया है। उन्हें विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तेज कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने तत्काल कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल के निर्देश दिए थे। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और ACP उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस ने कार्रवाई की।
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी खमतराई निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने CCTV विश्लेषण से लेकर तकनीकी सर्विलांस, वाहन ट्रैकिंग, टोल जानकारी और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए अपहरण की कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।