कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
बताया जा रहा है कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स के पास डांस करने को लेकर राहुल का बिट्टू चौहान से विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे बिट्टू के दोस्त विजय चौहान के साथ भी राहुल की मारपीट हुई।
पीछे की गली में ले जाकर किया हमला
विवाद के बाद मामला शांत होने के बजाय और गंभीर हो गया। आरोप है कि बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल को पीछे की गली में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
एएसपी लखन पटले के मुताबिक, मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल चौथे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों का अर्धमुंडन कर निकाला गया जुलूस
हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनका अर्धमुंडन कर जुलूस निकाला। घटना से जुड़ा लाइव वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।
मंत्री लखन लाल देवांगन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले हुई वारदात
बताया जा रहा है कि यह वारदात मंत्री लखन लाल देवांगन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले हुई। दशहरा जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान युवक की हत्या ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
