कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बरपाली स्थित अनूप ढाबा के पास सड़क किनारे रुकी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। रविवार सुबह लगभग 3 बजे बरपाली के अनूप ढाबा के पास कुछ यात्रियों के शौचालय जाने के लिए चालक ने बस को हाईवे किनारे रोक दिया था। इसी दौरान पीछे से गेहूं से लदा एक ट्रेलर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और उसका वाहन सीधे खड़ी बस के पिछले हिस्से से जा टकराया।
बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों की गई जान
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी हिस्से में बैठे दो यात्रियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया।
