कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर की रात घर में भाई-बहन के बीच मोबाइल को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद किशोरी काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई। परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो वह अचेत अवस्था में मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मोबाइल को लेकर भाई-बहन में हुई थी बहस
मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी अयोध्या पुरी इलाके की रहने वाली थी और कक्षा 9वीं में पढ़ाई करती थी। 31 अक्टूबर की रात घर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। दोनों के बीच बहस बढ़ने पर मां ने मोबाइल अपने पास रख लिया और नाराजगी जताते हुए फोन देने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से किशोरी काफी दुखी हो गई थी। कुछ देर बाद वह घर के एक हिस्से में चली गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई।
दरवाजा खोलने पर अचेत मिली किशोरी
परिजनों ने पहले आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो किशोरी अचेत अवस्था में मिली। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
