पिरदा गांव की जमीन का नहीं होगा अधिग्रहण, विधायक अनुज शर्मा की पहल पर मंत्री ओपी चौधरी ने दिया आश्वासन

रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की प्रस्तावित आवासीय कॉलोनी के लिए चिन्हांकित पिरदा गांव की जमीन का अधिग्रहण अब नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों की आपत्ति और उनकी इच्छा को देखते हुए सरकार ने पिरदा गांव में आवासीय प्रोजेक्ट नहीं लाने का फैसला किया है। यह आश्वासन वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में उनसे मिलने पहुंचे ग्रामीणों को दिया।

दरअसल, रायपुर विकास प्राधिकरण ने पूर्व नियोजित योजना के तहत पिरदा गांव में कौशल्या विहार कॉलोनी विकसित करने के लिए जमीन चिन्हांकित की थी। इसकी सूचना प्रकाशित होने के बाद गांव के किसान और ग्रामीण अपनी कृषि भूमि के अधिग्रहण को लेकर आशंकित हो गए थे। ग्रामीणों ने ग्राम सभा आयोजित कर अपनी स्थिति स्पष्ट की और कहा कि वे अपनी जमीन RDA को देने के पक्ष में नहीं हैं।

मुख्यमंत्री से मिले थे विधायक अनुज शर्मा

ग्रामीणों की मांग को लेकर धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पिरदा गांव के ग्रामीण अपनी कृषि भूमि पर खेती कर रहे हैं और करीब 20 फीसदी लोगों के घर भी इसी जमीन पर बने हुए हैं। ऐसे में ग्रामीण अपनी जमीन पर आवासीय परियोजना नहीं चाहते। ग्रामीणों की भावनाओं से अवगत होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वित्त एवं आवास मंत्री ओपी चौधरी से चर्चा कर ग्रामीणों का पक्ष सुनने के निर्देश दिए।

मंत्री ओपी चौधरी ने कहा- ग्रामीण नहीं चाहते तो नहीं आएगा प्रोजेक्ट

इसी क्रम में मंगलवार को विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मंत्रालय महानदी भवन स्थित आवास मंत्री ओपी चौधरी के कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और जमीन से जुड़ी चिंताएं मंत्री के सामने रखीं।

ओपी चौधरी ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उन्हें पिरदा गांव की वास्तविक स्थिति और ग्रामीणों की भावनाओं से अवगत कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीण अपने गांव में आवासीय प्रोजेक्ट नहीं चाहते हैं, तो सरकार की ओर से वहां ऐसा कोई प्रोजेक्ट लाने की मंशा नहीं है। उन्होंने कहा कि पिरदा गांव की जमीन RDA द्वारा नहीं ली जाएगी और इस संबंध में RDA को निर्देशित किया जाएगा।

ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री और विधायक का आभार

मंत्री ओपी चौधरी की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार जताया। मंत्रालय के द्वार क्रमांक-4 पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि विधायक अनुज शर्मा ने उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया था और उन्होंने अपना वादा पूरा किया।

ग्रामीणों ने कहा कि पिरदा गांव की जमीन पर RDA का प्रोजेक्ट आने से उनकी कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका थी, लेकिन सरकार के फैसले से उनकी चिंता दूर हो गई है। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित जनपद सदस्य, सरपंच, पंच और प्रभावित किसान मौजूद रहे।

Exit mobile version