दुर्ग। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम मोहंदी के पास हुआ।
मृतक की पहचान गजराज साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवक संजय ठाकुर को गंभीर हालत में उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया है।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़े हुए थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम मोहंदी के पास मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे गजराज साहू और संजय ठाकुर बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ के पास आकाशीय बिजली गिर गई।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में गजराज साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि संजय ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल संजय ठाकुर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। लगातार बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से हुए इस हादसे ने एक बार फिर लोगों को बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने से बचने की चेतावनी दी है।