दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गर्लफ्रेंड से बातचीत करने के शक में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के एक्स बॉयफ्रेंड की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद एक छात्रा से पुराने परिचय और उससे बातचीत को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि युवती के वर्तमान बॉयफ्रेंड को उसके एक्स बॉयफ्रेंड द्वारा संपर्क किए जाने का शक था। इसी बात से नाराज होकर उसने युवक को मिलने के बहाने बुलाया और अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी।

मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान घटना में शामिल एक मुख्य आरोपी और पांच नाबालिगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच सुपेला थाना पुलिस द्वारा की जा रही है।