थार खरीदने का लालच, दोस्तों ने नाबालिग से करवाई 15 तोला सोने की चोरी, महिला खरीददार समेत 4 गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग दोस्तों के एक समूह ने थार गाड़ी खरीदने के लालच में अपने ही साथी से घर का सोना चोरी करवा लिया। पुलिस ने इस मामले में महिला खरीददार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई मौसम विभाग के पास वार्ड नंबर 49 निवासी सुशील कुमार शर्मा (50), जो भारतीय सेना से रिटायर्ड जवान हैं, ने 14 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके नाबालिग बेटे को उसके दोस्तों ने डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करवाए।

आरोपियों ने पहले नकली जेवर दिखाकर नाबालिग को विश्वास में लिया और फिर उसे घर से थोड़ा-थोड़ा कर करीब 15 तोला सोना लाने के लिए उकसाया। बाद में सोना नहीं लाने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाया गया।

थार खरीदने की थी साजिश
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी दोस्तों ने मिलकर थार गाड़ी खरीदने के लिए अपने-अपने घर से सोना चोरी करने की योजना बनाई थी। हालांकि, चोरी के सोने को बेचकर मिली रकम गाड़ी खरीदने के लिए पर्याप्त नहीं थी, जिसे आरोपियों ने खर्च कर दिया। इसके बाद वे दोबारा सोना लाने के लिए नाबालिग पर दबाव बना रहे थे।

जनवरी से मार्च तक बेचा सोना
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जनवरी से मार्च के बीच करीब 15 तोला सोना अलग-अलग लोगों को बेच दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चोरी का पूरा सोना बरामद कर लिया है।

औने-पौने दाम में खरीदा सोना
जांच में यह भी सामने आया कि खुशबू अग्रवाल नाम की महिला ने नाबालिगों से करीब 5 तोला से अधिक सोना कम कीमत में खरीदा था। कुछ सोना गिरवी रखकर भी रुपए लिए गए थे। पुलिस ने महिला खरीददार को भी गिरफ्तार कर लिया है।

24 घंटे में कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में एएसआई शैलेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल बलबीर सिंह और टीम ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रियांशु पाणिकर
  • आदित्य पांडे
  • शौर्य क्रोल्या
  • खुशबू अग्रवाल

पुलिस ने बताया कि तीन नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version