कोल्दा गांव में डीजे प्रतियोगिता के दौरान खूनी संघर्ष : युवक की मौत के बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

डीजे प्रतियोगिता के दौरान खूनी संघर्ष

महासमुंद। जिले के ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता उस समय हिंसा के मैदान में बदल गई, जब दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना हो गई। इस वारदात में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

डीजे कार्यक्रम देखने पहुंचे युवक की मौत

मिली जानकारी के अनुसार, खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में बीती रात डीजे डांस प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इस हमले में ग्राम कोमा निवासी 22 वर्षीय डेनिल दीवान गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपने सगे-संबंधियों के साथ कार्यक्रम देखने आया था। घटना के बाद उसकी मौत हो गई।

तीन घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

चाकूबाजी की इस घटना में मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान भी घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना में एक युवक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की वजह और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Exit mobile version