महासमुंद। जिले के बागबाहरा वन क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग के अधिकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट और उन्हें बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना तमोरा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां गश्त के लिए पहुंचे वन अमले को कुछ लोगों ने घेर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, वनपरिक्षेत्राधिकारी नवीन वर्मा और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा समेत वन अमला रात में क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें कथित तौर पर घेर लिया। आरोप है कि दोनों अधिकारियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन एक मकान में ले जाकर करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया।
पर्स और मोबाइल छीनने का भी आरोप
घटना के दौरान रेंजर नवीन वर्मा का पर्स और उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा का मोबाइल फोन भी छीन लिए जाने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों को काफी देर तक बंधक बनाए रखने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों का कराया गया मेडिकल
घटना के बाद दोनों वन अधिकारियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मामले को लेकर संबंधित विभाग और पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के साथ हुई घटना को लेकर वन विभाग ने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
अतिक्रमण को लेकर पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
वन विभाग के अनुसार, तमोरा क्षेत्र में अतिक्रमण और शासकीय कार्य में बाधा डालने से जुड़े मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। विभाग का कहना है कि इस क्षेत्र में वन भूमि और अतिक्रमण से जुड़े मामलों को लेकर कार्रवाई की जाती रही है। ताजा घटना के बाद अब पुलिस और वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
