महासमुंद में पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत : मुडमार बांधा के जंगल में फांसी पर लटका मिला 29 वर्षीय मिथिलेश का शव

फाइल फोटो

महासमुंद। जिले में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है। वह पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर तैनात था। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों ने जंगल में देखा शव

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीण मुडमार बांधा के जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी, जो फांसी के फंदे से लटका हुआ था। पास जाकर पहचान और जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान आरक्षक मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होंगे कारण

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरक्षक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

Exit mobile version