भिलाई स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: 50 फीट ऊंचाई से गिरा ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन, ऑपरेटर की हालत गंभीर

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवर ब्रिज क्रेन नंबर-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे के समय केबिन के अंदर क्रेन ऑपरेटर एवं ठेका मजदूर रविंद्र चौधरी मौजूद थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबिन सीधे जमीन पर नहीं गिरा बल्कि नीचे आते समय स्टील की बीम से टकराता हुआ गिरा। इससे हादसे की गंभीरता कुछ कम हो गई और बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि, केबिन में बैठे ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

हादसे के तुरंत बाद बीएसपी के कर्मचारियों ने घायल रविंद्र चौधरी को मेन मेडिकल पोस्ट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई स्टील प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस ओवर ब्रिज क्रेन से हादसा हुआ, उसका उपयोग ब्लास्ट फर्नेस तक आयरन ओर की आपूर्ति के लिए किया जाता है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित ओवर ब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सेफ्टी इंस्पेक्शन किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था। ऐसे में केबिन का अचानक टूटकर गिर जाना प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

फिलहाल बीएसपी प्रबंधन तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हादसा होने की सभी संभावनाओं की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Exit mobile version