दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से हेरोइन मंगाकर सप्लाई करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, 18 ग्राम चिट्टा जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्मृति नगर थाना पुलिस ने पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) मंगाकर भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 6 मोबाइल फोन तथा नशा सेवन में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब से हेरोइन मंगाकर अपने सहयोगियों के माध्यम से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में अवैध रूप से बेचता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल के पीछे घेराबंदी कर कार्रवाई की, जहां आरोपी नशीले पदार्थ की बिक्री की तैयारी कर रहे थे। मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब से करीब 3 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदकर अपने साथियों के जरिए लगभग 6 हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचता था। पुलिस ने मामले में स्मृति नगर निवासी गुरमीत सिंह रंधावा, हाउसिंग बोर्ड निवासी गगनदीप सिंह, शुभम कुमार बैस, सेक्टर-4 निवासी जी. विनित, कैंप-2 निवासी उत्तम सिंह उर्फ बॉबी तथा प्रगति नगर भिलाई निवासी अब्दुल कादिर को गिरफ्तार किया है।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के सप्लाई नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।

Exit mobile version