रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। घोटाले के आरोपी और शराब सिंडिकेट के फाइनेंस मैनेजर विकास अग्रवाल को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, UAE के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया है। अब उसे दुबई से भारत लाने की तैयारी की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विकास अग्रवाल पिछले कई वर्षों से फरार चल रहा था। शराब घोटाले में उसकी भूमिका अहम मानी जा रही है। वह शराब सिंडिकेट के वित्तीय लेन-देन और फाइनेंस मैनेजमेंट का काम संभालता था।

इससे पहले जांच एजेंसियों ने रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट स्थित विकास अग्रवाल के तीन फ्लैटों को सील किया था। अब दुबई में उसकी गिरफ्तारी के बाद शराब घोटाले की जांच में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल विकास अग्रवाल को भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उसके भारत पहुंचने के बाद पूछताछ में घोटाले से जुड़े वित्तीय नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

