बलौदाबाजार। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतना तीन ग्राम रोजगार सहायकों को भारी पड़ गया। जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त कर दी है। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने के बाद की गई है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल के ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर और जनपद पंचायत पलारी के ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

जिम्मेदारियों में लापरवाही पड़ी भारी
प्रशासन के मुताबिक, वीबी-जी राम जी के तहत ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, श्रमिकों का नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, आवश्यक अभिलेखों का संधारण और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन ग्राम रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जांच के दौरान इन तीनों कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने के बाद नियमानुसार उनकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की गई।
लापरवाही पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीबी-जी राम जी जैसी महत्वपूर्ण रोजगार योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अमले को शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने कहा है कि लापरवाही, अनियमितता अथवा शासकीय निर्देशों की अवहेलना सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्ति को इसी सख्त कार्रवाई की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

