गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई : एक करोड़ से अधिक का गांजा जब्त, यूपी का तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरनार थाना क्षेत्र से 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। मामले में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, नगरनार थाना पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाके पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 214.300 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप, मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की।

पूछताछ और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने वाहन में सवार विजय पाण्डेय (निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला।

पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। साथ ही इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच भी की जा रही है। बस्तर पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

Exit mobile version