कक्षा 6वीं के हिंदी पेपर में बड़ी लापरवाही, 3 बार पूछा गया एक ही सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। कक्षा 6वीं की तिमाही परीक्षा के हिंदी के प्रश्नपत्र में एक ही सवाल को तीन बार दोहरा दिया गया।

जानकारी के मुताबिक प्रश्न क्रमांक 9, 16 और 19 में हूबहू एक जैसा सवाल पूछा गया – “मेजर ध्यानचंद की सफलता का क्या रहस्य था?” परीक्षा के दौरान जब यह गड़बड़ी सामने आई तो छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षाविदों में भी भारी नाराजगी देखी गई।

अभिभावकों का कहना है कि प्रश्नपत्र तैयार करने में घोर लापरवाही बरती गई है। एक ही सवाल तीन बार पूछे जाने से न सिर्फ प्रश्नपत्र की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि बच्चों के सही मूल्यांकन पर भी असर पड़ेगा।

शिक्षाविदों ने भी इस चूक पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि परीक्षा के पहले ही दिन इस तरह की गड़बड़ी सामने आना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

इधर इस पूरे मामले में अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस लापरवाही के बाद अधिकारियों की योग्यता और गंभीरता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version