CG – अज्ञात कारणों से शख्स ने दे दी जान: देर रात तक जाग रहा था व्यक्ति… छत की ग्रिल से लटककर दे दी जान… आत्महत्या की वजहों का खुलासा नहीं, गांजा पीने का आदी था मृतक

अज्ञात कारणों से शख्स ने दे दी जान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के नगर पंचायत वार्ड क्रमांक- 1 बघमरा में एक व्यक्ति के आत्महत्या का मामला सामने आया है। शख्स ने अज्ञात कारणों से फांसी लगा ली है। जिसकी जांच पुलिस कर रही है। मृतक का नाम घनश्याम सिंह निषाद (45 वर्ष) है। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात घनश्याम ने छत की रेलिंग से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। गुंडरदेही थाना क्षेत्र की यह घटना है।

गुंडरदेही-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत वार्ड क्रमांक- 1 (बघमरा) है। मृतक घनश्याम निषाद ने पड़ोसी अंगद चौधरी की मकान के छत की ग्रिल पर नाइलोन की रस्सी से फांसी लगाई। अंगद चौधरी ने कहा कि मुझे इस घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा बताने पर हुई। वॉर्ड पार्षद टीका राम निषाद ने बताया कि उन्होंने गुंडरदेही थाने में मामले को लेकर आवेदन दिया है। घटना क्यों और कैसे हुई, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।

इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों और परिचितों से पुलिस बातचीत कर घटना की वजह जानने की कोशिश कर रही है। परिजन भी फिलहाल साफ-साफ नहीं बता पा रहे हैं कि घनश्याम ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया। शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।

गुंडरदेही थाने के प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अरविंद साहू ने बताया कि परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला है कि घनश्याम सिंह निषाद देर रात तक जाग रहा था। आसपास के लोगों ने भी बताया कि वो छत की ग्रिल से रस्सी बांधकर नीचे कूद गया और फांसी पर लटक गया।

सहायक उपनिरीक्षक अरविंद साहू ने बताया कि मृतक गांजा पीने का भी आदी था और उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं थी। शायद इसी कारण उसने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाया होगा। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही आत्महत्या की सही वजहों का पता चल पाएगा।

Exit mobile version