रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आधी रात लूट और मारपीट की वारदात सामने आई है। एक्सप्रेस-वे पर दो अज्ञात बदमाशों ने एक MBA छात्र का रास्ता रोककर डंडे से हमला किया और करीब 80 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना में छात्र के सिर, बाएं हाथ और पीठ पर चोटें आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, 23 जुलाई की रात MBA छात्र सितांशु अपने दोस्त इंद्रजीत के साथ तेलीबांधा मरीन ड्राइव से स्कूटी पर घर लौट रहा था। इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी रुकवा ली। छात्र ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने डंडे से हमला कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान बदमाशों ने सितांशु की शर्ट की जेब में रखा करीब 80 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीन लिया। छीना-झपटी में छात्र की शर्ट भी फट गई। बदमाश लगातार हमला करते रहे, लेकिन छात्र किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित पहले तेलीबांधा थाना पहुंचा, लेकिन घटनास्थल न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण उसे संबंधित थाने भेज दिया गया। इसके बाद छात्र ने न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया।
मामले में न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।