सुपर-80 योजना: दुर्ग के मेधावी छात्रों को मिलेगी NEET और JEE की फ्री कोचिंग, हॉस्टल व भोजन की भी व्यवस्था

दुर्ग। दुर्ग जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से संचालित ‘सुपर-80’ योजना के तहत बुधवार को जेआरडी स्कूल में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने चयनित विद्यार्थियों और उनके पालकों से सीधा संवाद किया।

मुफ्त कोचिंग के साथ हॉस्टल और भोजन सुविधा

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में ग्रामीण व मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सुपर-80 के तहत चयनित 12वीं और पास-आउट (80% से अधिक अंक वाले) विद्यार्थियों को NEET व JEE की पूरी तैयारी निःशुल्क कराई जाएगी।

  • छात्रों और छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल की व्यवस्था रहेगी।
  • रहने, खाने, कोचिंग, टेस्ट सीरीज और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की सुविधा पूरी तरह मुफ्त होगी।
  • विद्यार्थियों को आर्थिक चिंता से मुक्त रहकर सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।

मेहनत और अनुशासन से हासिल करें लक्ष्य

संवाद के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों से उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं पर बात की। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से छात्र अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।

पालकों और छात्रों के सवालों के दिए जवाब

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं पालकों ने हॉस्टल, भोजन, पढ़ाई की रणनीति और स्कूल की कक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका शिक्षा मंत्री ने विस्तार से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों की पढ़ाई की लगातार मॉनिटरिंग करें।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, चयनित विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Exit mobile version