मंत्री गजेंद्र यादव ने युवा और महिला मोर्चा पदाधिकारियों से किया संवाद, सरकार की योजनाओं पर हुई चर्चा

दुर्ग। दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सेवा सदन में परिचयात्मक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने युवाओं से संगठन की मजबूती, शहर के विकास, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और समसामयिक एवं राजनीतिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

संवाद के दौरान युवाओं ने अपने सुझाव, अनुभव और विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि युवा समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुनना तथा उन्हें सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी देना आवश्यक है।

उन्होंने विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से अपील की कि वे शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही संगठन को मजबूत करने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने और विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के मंडल पदाधिकारियों का परिचय भी कराया गया तथा संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। मंत्री ने विभिन्न विभागों, मंत्रालयीन कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए कहा कि युवा और महिलाएं समाज में जागरूकता फैलाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि यदि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की सही जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे तो अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा और सरकार एवं जनता के बीच संवाद और विश्वास और मजबूत होगा।

Exit mobile version