ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से परेशान नाबालिग ने की आत्महत्या, एक महीने पहले तीन युवकों ने बनाया था अश्लील वीडियो

सरगुजा। जिले के सीतापुर नगर में एक नाबालिग किशोर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले तीन युवकों ने किशोर के साथ मारपीट कर उसके साथ अश्लील हरकत की थी। आरोपियों ने इस दौरान वीडियो भी बना लिया था और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर किशोर को ब्लैकमेल कर रहे थे। इस घटना के बाद से किशोर मानसिक रूप से परेशान था।

जानकारी के अनुसार, घटना सीतापुर नगर पंचायत के महामाया वार्ड अंतर्गत कटनईपारा की है। आरोप है कि करीब एक महीने पहले क्षेत्र के ही तीन युवकों ने नाबालिग किशोर के साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील हरकत की। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बना लिया था। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।

तीनों आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

लगातार ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना से परेशान परिजनों ने इस मामले की शिकायत सीतापुर थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था।

एक महीने बाद घर में फांसी लगाकर दी जान

बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक महीने बाद किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। किशोर की आत्महत्या के पीछे कथित प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग की घटना की भूमिका के साथ अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version