रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के ऐतिहासिक सत्र के दौरान आज एक विशेष मेहमान की मौजूदगी चर्चा का विषय रही। मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने आज विधानसभा पहुंचकर सदन की कार्यवाही देखी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित थे।

नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा
अनुष्का सोन विशेष रूप से विधानसभा की कार्यवाही सुनने पहुंची थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से देखना उनके लिए एक अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर आयोजित विशेष सत्र की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश बताया।
नारी सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अनुष्का से मुलाकात के दौरान कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने खुशी जताई कि नई पीढ़ी की बेटियां शिक्षा, कला और सामाजिक क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अनुष्का सोन को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरक बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
अनुष्का ने जताया आभार
अनुष्का ने मुख्यमंत्री को नारी सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहलों से प्रदेश की महिलाओं और बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे नेतृत्व की भूमिका में आगे आने के लिए प्रेरित होंगी।