छत्तीसगढ़ से मानसून की पूरी तरह विदाई, इस सीजन में 1195 मिमी बारिश दर्ज, अब बढ़ेगी ठंड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरी तरह विदाई हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश के सभी जिलों से मानसून लौट चुका है। इसके साथ ही बारिश का दौर थमने लगा है और अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है। मानसून की विदाई इस बार सामान्य समय के आसपास हुई है। आमतौर पर प्रदेश से मानसून की वापसी 15 अक्टूबर के आसपास मानी जाती है।

इस सीजन में सामान्य से 2.1 प्रतिशत ज्यादा बारिश

इस साल छत्तीसगढ़ में मानसून के दौरान कुल 1195 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य वर्षा का 102.1 प्रतिशत है। यानी प्रदेश में इस सीजन में औसत से अधिक बारिश हुई है। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1556.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 65.3 प्रतिशत अधिक है। वहीं, बेमेतरा जिले में सबसे कम 674.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य वर्षा का 80.4 प्रतिशत है।

रायपुर में सामान्य से 29 प्रतिशत अधिक बारिश

राजधानी रायपुर में इस मानसून सीजन के दौरान 1322.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 29 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा गरियाबंद में सामान्य से 30.7 प्रतिशत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 31.4 प्रतिशत और बालोद में 21.6 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी और दुर्ग समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उमस से मिलेगी राहत, मौसम होगा शुष्क

मानसून की विदाई के बाद अब प्रदेश में वातावरण की नमी धीरे-धीरे कम होने लगेगी। इससे लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, दिन के समय गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन सुबह और शाम के मौसम में बदलाव महसूस होने लगेगा।

सुबह-रात के तापमान में गिरावट के संकेत

उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। इससे देर रात और सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने से मौसम सुहावना होने लगेगा। मानसून की विदाई के साथ ही अब प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड की आहट महसूस होने की उम्मीद है।

Exit mobile version