धमतरी। छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप और उद्यमिता क्षेत्र के लिए गंगरेल, धमतरी में आयोजित ‘मानसून स्टार्टअप रिट्रीट 2026’ खास आकर्षण का केंद्र रहा। प्रकृति की खूबसूरत वादियों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से 200 से अधिक फाउंडर्स, उद्यमियों, स्टार्टअप प्रेमियों, मेंटर्स और युवाओं ने हिस्सा लिया।
यह आयोजन TiE Raipur, जिला प्रशासन धमतरी और Startup Dhamtari द्वारा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्टार्टअप्स को ऐसा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे विशेषज्ञों से सीखने के साथ-साथ नेटवर्किंग और नए कारोबारी अवसरों पर चर्चा कर सकें।

स्टार्टअप इकोसिस्टम पर हुआ मंथन
कार्यक्रम की शुरुआत हाई टी, नेटवर्किंग और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के साथ हुई। इसके बाद TiE Raipur के परिचय और आइसब्रेकर सत्र के जरिए प्रतिभागियों के बीच संवाद की शुरुआत हुई।
धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा, आईएएस ने स्वागत उद्बोधन में जिले में विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम और उद्यमियों को प्रशासन की ओर से मिलने वाले सहयोग पर अपने विचार साझा किए। वहीं संजीव सिंह, आईएएस ने स्टार्टअप इंडिया इकोसिस्टम और संस्थापकों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
सफल फाउंडर्स ने साझा किए अनुभव
रिट्रीट में ‘टू फाउंडर्स, वन कन्वर्सेशन’ के तहत कई सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। अभिषेक नखाते, कुहू शर्मा, भावना अग्रवाल, शेख मोहम्मद, रेहान अली, अस्मित सहित अन्य फाउंडर्स ने अपने संघर्ष, चुनौतियों और सफलता की कहानियां प्रतिभागियों के साथ साझा कीं।
इस दौरान प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने से लेकर उसे बाजार तक पहुंचाने और लगातार आगे बढ़ाने से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
AI से लेकर स्टार्टअप नीति तक कई विषयों पर सत्र
कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ज्ञान सत्र आयोजित किए गए। इनमें ‘AI मेड प्रैक्टिकल’, छत्तीसगढ़ स्टार्टअप नीति 2025-2030, बस्तर और कृषि आधारित स्टार्टअप्स, प्रोडक्ट टू मार्केट और Go-To-Market रणनीति, सोशल मीडिया के जरिए प्रभावी ब्रांड और थॉट लीडरशिप तैयार करना तथा भारत में स्टार्टअप शुरू करने से जुड़े कानूनी और अनुपालन संबंधी विषय शामिल रहे।
इसके अलावा फाउंडर रूले और विभिन्न फन गेम्स के जरिए प्रतिभागियों के बीच नेटवर्किंग और टीम बिल्डिंग को भी बढ़ावा दिया गया।
शार्क टैंक फेम इशा झावर ने दिए टिप्स
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘शार्क टैंक इंडिया’ से जुड़ी इशा झावर का सत्र रहा। उन्होंने फाउंडर्स के साथ प्रोडक्ट-टू-मार्केट रणनीति पर चर्चा की और स्टार्टअप्स को बाजार की जरूरतों को समझते हुए अपने उत्पाद और बिजनेस मॉडल को विकसित करने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
फाउंडर बोट राइड के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और समूह फोटो के साथ हुआ। इसके बाद गंगरेल बांध की खूबसूरत वादियों में फाउंडर बोट राइड और ओपन नेटवर्किंग ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने आपस में विचार साझा किए और नए कारोबारी संपर्क बनाए।
‘मानसून स्टार्टअप रिट्रीट 2026’ ने छत्तीसगढ़ में तेजी से मजबूत हो रहे स्टार्टअप और उद्यमिता इकोसिस्टम की तस्वीर पेश की। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि प्रदेश के युवा और उद्यमी नए आइडिया, तकनीक और नवाचार के जरिए अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तैयार हैं।

