भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) द्वारा छोटे लाइसेंसधारी मकानों को जारी किए गए नोटिस तथा SAIL के श्रमिकों के AWA (Additional Welfare Amenity) को लेकर फैल रही अफवाहों पर स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी लाइसेंसधारी का मकान खाली नहीं कराया जाएगा तथा किसी भी श्रमिक का AWA बंद नहीं होगा।
सांसद विजय बघेल ने बताया कि जैसे ही उन्हें छोटे लाइसेंसधारियों को मकान खाली करने के लिए नोटिस जारी किए जाने की जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल भिलाई इस्पात संयंत्र के उच्च प्रबंधन से चर्चा की। उन्होंने प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छोटे लाइसेंसधारी जिनके द्वारा BSP प्रबंधन द्वारा लाइसेंस में निवास प्रदान दिए जाने के समय तय की गई राशि का नियमित भुगतान किया जा रहा है उन कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा किसी भी लाइसेंसधारी को मकान खाली करने के लिए बाध्य न किया जाएएवं शीघ्र नवीनीकरण की प्रकिया शुरू की जाएं।

उन्होंने कहा कि ऐसे नोटिसों से लोगों में भय और असंतोष का वातावरण बनता है, इसलिए इस विषय का संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण से समाधान किया जाना चाहिए। सांसद विजय बघेल ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप केवल आवासों का समूह नहीं, बल्कि हजारों श्रमिकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन, आजीविका और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। छोटे लाइसेंसधारियों ने वर्षों से नियमानुसार निवास करते हुए टाउनशिप की व्यवस्था एवं विकास में अपना योगदान दिया है। ऐसे लोगों को अचानक नोटिस देकर मानसिक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी लाइसेंसधारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और न ही किसी परिवार को अनावश्यक रूप से अपना मकान खाली करने के लिए विवश किया जाएगा। श्रमिकों, कर्मचारियों तथा लाइसेंसधारियों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस संबंध में उन्होंने उच्च प्रबंधन को भी स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया है।
AWA (Additional Welfare Amenity) के संबंध में सांसद विजय बघेल ने कहा कि कुछ माध्यमों से भ्रामक एवं तथ्यहीन खबरें प्रसारित कर श्रमिकों के बीच भ्रम और भय का वातावरण बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि AWA बंद होने जैसी कोई स्थिति नहीं है और किसी भी श्रमिक का AWA बंद नहीं होगा। इस विषय पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं राज्य के श्रम मंत्री से भी चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की है।
उन्होंने सभी श्रमिकों, कर्मचारियों, लाइसेंसधारियों एवं उनके परिवारों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत एवं प्रमाणिक जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाकर अनावश्यक असमंजस की स्थिति उत्पन्न करना चाहते हैं, जबकि वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है।
सांसद विजय बघेल ने भरोसा दिलाया कि श्रमिकों, कर्मचारियों, रिटेंशन धारकों तथा छोटे लाइसेंसधारियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा। यदि भविष्य में उनके हितों के विरुद्ध कोई भी निर्णय लेने का प्रयास किया गया, तो उसका हर स्तर पर मजबूती से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों, श्रमिकों और कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना उनका दायित्व है और इस दिशा में वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।