CG
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर- चाम्पा जिले के एंटी करप्शन ब्यूरो ने पामगढ़ तहसील कार्यालय में दबिश देकर नायब तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हांथ पकड़ा है। दोनों ने चोरभट्ठी धान खरीदी केंद्र प्रभारी से रिश्वत मांगी थी। नायब तहसीलदार और पटवारी 35 हजार रुपए रिश्वत की रकम लेते एसीबी के हत्थे चढ़ गए। अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप है। बताया जा रहा है कि किसी शासकीय कार्य और प्रक्रिया को आगे बढ़ाने या अनुकूल कार्रवाई के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। पीड़ित उपार्जन केंद्र प्रभारी ने इस पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी।
शिकायत की सत्यता की प्राथमिक जांच के बाद ACB ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व नियोजित जाल बिछाया। तय योजना के तहत आज पामगढ़ तहसील कार्यालय में कार्रवाई की गई। जैसे ही अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, ACB की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।ACB की इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। कई देर तक कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम दोनों आरोपियों को लेकर तहसील कार्यालय में ही प्रारंभिक पूछताछ करती रही। रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई है और आवश्यक दस्तावेजों व साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि ACB इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले में और अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं हैं।ACB अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा और रिमांड की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।