रायपुर। चुनाव आयोग की ओर से भारत के विभिन्न राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया कराई जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ में SIR के आंकड़े जारी किए हैं। SIR के ड्राफ्ट रोल में छत्तीसगढ़ की वोटर लिस्ट से 27 लाख से ज्यादा वोटर्स के नाम हटाए गए हैं।
चुनाव आयोग ने बताया है कि छत्तीसगढ़ में 18 दिसंबर तक कुल 2,12,30,737 मतदाताओं में से 1,84,95,920 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा करवाए हैं। 2,734,817 वोटरों के नाम हटा दिए गए. SIR से पहले राज्य में 21,230,737 वोटर थे. ड्राफ्ट लिस्ट के अनुसार अब 18,495,920 वोटर हैं. बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा वेरिफिकेशन प्रोसेस के दौरान 642,234 वोटर मृत पाए गए और 1,913,540 वोटर या तो शिफ्ट हो गए थे या उनका पता नहीं चल पाया. 179,043 वोटरों के नाम एक से ज़्यादा जगहों पर पाए गए, जिसके कारण उन्हें लिस्ट से हटा दिया गया.

जानें कैसे जुड़ेगा दोबारा नाम?
चुनाव आयोग ने स्पष्ट कहा है कि जिन वोटर्स के नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं, उन्हें विभाग की तरफ से कोई अलग से नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा. अगर किसी योग्य वोटर का नाम गलती से हटा दिया गया है या छूट गया है तो उन्हें खुद पहल करनी होगी. जिस वोटर को लग रहा कि उनका नाम छूट गया है तो उन्हें फॉर्म 6 के साथ घोषणा पत्र जमा करना होगा, जिसकी जांच कर ईआरओ नाम जोड़ सकते हैं, ये प्रक्रिया 22 जनवरी तक चलेगी.