नक्सलियों का डंप बरामद, जवानों ने नष्ट किए टिफिन IED और UBGL राउंड

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है। नक्सल डंप से 2.5 किलोग्राम वजन की टिफिन IED, चार UBGL राउंड समेत वायर, खाली खोखे, दवाइयां और दैनिक उपयोग की सामग्री मिली है।

पुलिया के पास मिला संदिग्ध डंप

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी सुरक्षा बल जंगलों में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों, विस्फोटकों और अन्य सामग्री की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गंवरमुड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इस अभियान में CRPF की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीमें शामिल थीं। तलाशी के दौरान गोवरमुंडा के पास एक पुलिया के नजदीक संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली, जिसमें जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सल डंप बरामद हुआ।

डंप से मिली विस्फोटक सामग्री

संभावित खतरे को देखते हुए मौके पर CRPF के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (BDS) को बुलाया गया। जांच के दौरान टीम ने डंप से निम्नलिखित सामग्री बरामद की:

  • 2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन IED
  • चार UBGL राउंड
  • दो मीटर कोडेक्स वायर
  • 15 खाली खोखे
  • दवाइयां और रोजमर्रा के उपयोग की अन्य सामग्री

नष्ट किए गए विस्फोटक

पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा जोखिम को ध्यान में रखते हुए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और सुरक्षा उपायों का पालन किया गया। इसके बाद टिफिन IED और चारों UBGL राउंड को घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

CRPF की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को जंगलों में छिपाकर रखे गए नक्सली विस्फोटकों और सामग्री की बरामदगी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Exit mobile version