सरकारी स्कूलों में अब पहली से 12वीं तक एक साथ होंगी तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं, DPI ने जारी किया शेड्यूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में इस शैक्षणिक सत्र से तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक समान तिथि पर आयोजित की जाएंगी। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने परीक्षा कार्यक्रम और समय-सारिणी जारी कर दी है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सभी जिलों में परीक्षा प्रणाली को एकरूप, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

डीपीआई द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तिमाही परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी, जबकि अर्धवार्षिक परीक्षाएं 1 से 7 दिसंबर तक संपन्न होंगी। इस बार प्रदेश के सभी जिलों में एक समान प्रश्नपत्र और परीक्षा व्यवस्था लागू करने की तैयारी की गई है, जिससे विद्यार्थियों का मूल्यांकन समान मानकों के आधार पर किया जा सके।

परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय परीक्षा समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां प्रश्नपत्र तैयार करने, परीक्षा संचालन, गोपनीयता बनाए रखने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाएंगी।

लोक शिक्षण संचालनालय का मानना है कि इस व्यवस्था से सरकारी स्कूलों की परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी और मूल्यांकन में पारदर्शिता के साथ-साथ प्रदेशभर में समान शैक्षणिक मानक स्थापित करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version