IAS से मंत्री तक का सफर: ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, कहा- ‘डिग्री नहीं, क्षमता बढ़ाएं’

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं यूथ आइकॉन ओ.पी. चौधरी सोमवार को बलौदाबाजार स्थित जिला ऑडिटोरियम में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। केंद्रीय बजट 2026-27 पर केंद्रित इस कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियां कभी सफलता में बाधा नहीं बनतीं, बशर्ते आपके भीतर कुछ कर गुजरने का जुनून हो। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने की। दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम के साथ शुरू हुए इस आयोजन में जिले के सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया।

संघर्ष से सफलता तक का मंत्र
वित्त मंत्री चौधरी ने अपने निजी जीवन के संघर्षों, प्रारंभिक शिक्षा से लेकर IAS बनने तक के सफर के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं से कहा-

  • क्षमता विस्तार: युवा केवल डिग्री के लिए न पढ़ें, बल्कि अपनी क्षमताओं का विस्तार कर भविष्य की स्पष्ट योजना बनाएं।
  • सकारात्मक दृष्टिकोण: आलोचनाओं की परवाह किए बिना अपनी मंजिल की ओर बढ़ें। आज का भारत संभावनाओं से भरा है।
  • विविध अवसर: समाज सेवा और करियर के लिए केवल सरकारी नौकरी ही एकमात्र विकल्प नहीं है; खेल, AI और निजी क्षेत्रों में भी अनंत अवसर मौजूद हैं।
  • विकसित भारत @2047: उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से 2047 तक हम 30-40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेंगे।

बजट 2026-27: विकास का रोडमैप
केंद्रीय बजट पर चर्चा करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट संतुलित है, जिसमें AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष और रेयर अर्थ जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

रोजगार और सम्मान का संगम
कार्यक्रम के दौरान ‘हम होंगे कामयाब’ अभियान के तहत 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले की 10 नवनियुक्त महिला आरक्षकों और खेल के क्षेत्र में नाम रोशन करने वाले मल्लखंब (3) व क्रिकेट (2) के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

युवा शक्ति ही देश का इंजन: टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट केवल एक वर्ष का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत की नींव है। उन्होंने युवा शक्ति को देश के विकास का ‘इंजन’ बताया।

उपस्थिति: इस अवसर पर पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।

Exit mobile version