रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना पुरानी बस्ती और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम ने की है।
क्या है मामला?
प्रार्थिया ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 फरवरी 2026 को OLX के माध्यम से कैमरा खरीदने के दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उससे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को “ऑल इंडिया कैमरा डिस्ट्रीब्यूटर” बताकर भरोसा दिलाया और अलग-अलग UPI आईडी के जरिए कुल ₹2 लाख की ठगी कर ली। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 60/2026 के तहत धारा 318(4) BNS में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

ऐसे हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (पश्चिम) संदीप पटेल और डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। एडिशनल डीसीपी राहुल शर्मा के पर्यवेक्षण और एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में टीम ने मोबाइल नंबर, बैंक खातों, CDR और फोनपे ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम को बिहार रवाना किया गया। समस्तीपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- धीरज कुमार महतो (38 वर्ष), निवासी – यादव टोला, मुसापुर, थाना घटहो, जिला समस्तीपुर (बिहार), सुबोध कुमार सिंह (25 वर्ष), निवासी – फतेहपुर वाला, थाना मुसरी घरारी, जिला समस्तीपुर (बिहार)
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने आम जनता से ऑनलाइन खरीद-फरोख्त में सावधानी बरतने की अपील की है। OLX जैसे प्लेटफॉर्म पर लेन-देन करते समय विक्रेता की पूरी जांच करें। बिना सत्यापन के अग्रिम भुगतान न करें।किसी अज्ञात व्यक्ति को UPI/ऑनलाइन माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

