राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत और करीब 10 लाख रुपये के कर्ज ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर सूने मकान में चोरी की साजिश रची और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। करीब तीन महीने पहले हुई इस चोरी के मामले में राजनांदगांव पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने 25 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी मोहारा में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे परिवार के साथ खेती-किसानी के काम से खेत गए थे। दोपहर करीब 1 बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम ठाकुरटोला के ही सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
तीन महीने पहले बनाई थी चोरी की योजना
पूछताछ में सामने आया कि सुरेन्द्र साहू ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये गंवा चुका था और उस पर भारी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। दोनों ने करीब तीन महीने पहले दीपक वर्मा के मकान की रेकी की थी।
वारदात वाले दिन दोनों सुबह करीब 4 बजे घर के पास पहुंचे। गणेश्वर नेताम पास खड़े ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र आसपास निगरानी करता रहा। सुबह करीब 9 बजे परिवार के खेत जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल से अपने साथी को सूचना दी। इसके बाद गणेश्वर नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर घर में घुस गया। उसने गोदरेज आलमारी को भी क्षतिग्रस्त कर सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी चोरी कर ली।
वारदात के बाद दोनों कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर पहुंचे और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे। चोरी के जेवरात बेचने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कुछ आभूषण किराये के मकान में छिपाकर रख दिए गए।
रायपुर के मकान से भी चोरी किए थे जेवर
जांच के दौरान एक अन्य चोरी का मामला भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, सुरेन्द्र साहू ने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित अपने परिचित हेमंत साहू के मकान में घरेलू कामकाज के दौरान एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चोरी किए थे। इन आभूषणों को उसने मुथूट फाइनेंस, डोंगरगढ़ में गिरवी रख दिया था।
15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। इसमें ग्राम ठाकुरटोला से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात की कीमत 8.50 लाख रुपये, वारदात में इस्तेमाल कार की कीमत 5 लाख रुपये और रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए सोने के जेवरात की कीमत 2 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रितम नेताम (25), दोनों निवासी ग्राम ठाकुरटोला, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले में आगे की विवेचना शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और पुलिस चौकी मोहारा की संयुक्त टीम की भूमिका रही।