रायपुर। भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल एक बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। यहां कक्षा 6वीं से ही विद्यार्थियों को अनुशासित शैक्षणिक माहौल के साथ सैन्य प्रशिक्षण और NDA की तैयारी के लिए तैयार किया जाता है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 में सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE 2027) की आवेदन प्रक्रिया जारी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से यह परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
33 सैनिक स्कूलों के साथ नए स्कूलों में भी प्रवेश
रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित सैनिक स्कूलों की संख्या वर्तमान में 33 है। इनके अलावा साझेदारी के तहत नए सैनिक स्कूल भी शुरू किए गए हैं। वर्ष 2021-22 से सैनिक स्कूलों में छात्राओं को भी प्रवेश दिया जा रहा है।
सैनिक स्कूलों की शुरुआत वर्ष 1961 में तत्कालीन रक्षा मंत्री वी.के. कृष्ण मेनन की पहल पर हुई थी। देश का पहला सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के सतारा में स्थापित किया गया था। इन संस्थानों का उद्देश्य राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के लिए योग्य उम्मीदवार तैयार करना और देश के सभी क्षेत्रों से सैन्य अधिकारियों की भागीदारी बढ़ाना है।

कक्षा 6वीं और 9वीं में कितनी सीटें?
AISSEE 2027 के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9वीं के लिए प्रवेश प्रक्रिया होगी।
मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में संभावित सीटों का विवरण इस प्रकार है:
- कक्षा 6वीं: 3,160 सीटें, जिनमें 351 सीटें छात्राओं के लिए हैं।
- कक्षा 9वीं: 732 सीटें।
प्रवेश के लिए आयु सीमा और योग्यता
कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 31 मार्च 2027 तक 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच निर्धारित की गई है।
वहीं, कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आयु 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही विद्यार्थी का कक्षा 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 9वीं में छात्राओं को सीटों की उपलब्धता के आधार पर प्रवेश मिलेगा।
31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
AISSEE 2027 परीक्षा पेन-एंड-पेपर यानी OMR आधारित होगी। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाएगी।
कक्षा 6वीं की परीक्षा:
- कुल अंक: 300
- समय: 150 मिनट
- गणित: 150 अंक
- भाषा: 50 अंक
- बुद्धिमत्ता: 50 अंक
- सामान्य ज्ञान एवं पर्यावरण अध्ययन: 50 अंक
- परीक्षा 13 भाषाओं में देने की सुविधा।
कक्षा 9वीं की परीक्षा:
- कुल अंक: 400
- समय: 180 मिनट
- परीक्षा का माध्यम: अंग्रेजी।
परीक्षा में सफल होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 25 प्रतिशत और कुल मिलाकर 40 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी होगा। लिखित परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा। मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में 67 प्रतिशत सीटें संबंधित स्कूल के गृह राज्य के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहती हैं।
RIMC और मिलिट्री स्कूलों में प्रवेश की अलग व्यवस्था
सैनिक स्कूलों के अलावा देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC) और देश के पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) भी सैन्य शिक्षा के लिए प्रमुख संस्थान हैं। RIMC की स्थापना वर्ष 1922 में हुई थी। यहां केवल कक्षा 8वीं में प्रवेश दिया जाता है।
जुलाई 2027 सत्र के लिए RIMC प्रवेश परीक्षा (RIMCEE) 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। परीक्षा में अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद वाइवा और मेडिकल परीक्षण होगा। 1 जुलाई 2027 को अभ्यर्थी की आयु 12½ से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वहीं, राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) में कक्षा 6वीं और 9वीं में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। RIMC और RMS दोनों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है।
AISSEE 2027: आवेदन की तारीख, फीस और जरूरी जानकारी
सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। अभ्यर्थी 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन का अतिरिक्त मौका मिलेगा।
महत्वपूर्ण तिथियां:
- आवेदन की अंतिम तिथि: 2 दिसंबर 2026
- विलंब शुल्क के साथ आवेदन: 3 से 6 दिसंबर 2026
- आवेदन फॉर्म में सुधार: 7 से 9 दिसंबर 2026
- एडमिट कार्ड जारी होने की संभावित तिथि: 25 जनवरी 2027
- प्रवेश परीक्षा: 31 जनवरी 2027
आवेदन शुल्क:
- सामान्य एवं अन्य श्रेणियां: 850 रुपये
- SC/ST अभ्यर्थी: 700 रुपये
इच्छुक अभ्यर्थी NTA की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.ac.in/AISSEE/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन या परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता ली जा सकती है।
सैनिक स्कूलों में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख का ध्यान रखना जरूरी है।

