शादी से लौटते वक्त हादसा : ओवरलोड पिकअप बनी मौत का सफर, 2 ग्रामीणों ने तोड़ा दम, 37 घायल

जगदलपुर। बस्तर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया चौकी अंतर्गत ढाबामारी के पास सोमवार देर रात एक ओवरलोड पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 2 ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 45 लोग सवार थे, जो ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव सिरिसगुड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान सिबो और मिटको के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरलोडिंग और वाहन का असंतुलन बताया जा रहा है।

Exit mobile version