CG: हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, सरपंच और रसूखदार नेता का रिश्तेदार समेत 7 गिरफ्तार

CG

बलौदाबाजार। जिले में जुआरियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गिधपुरी थाना पुलिस ने ग्राम तेलासी में चल रहे एक बड़े जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक सरपंच और खरोरा क्षेत्र के एक रसूखदार नेता के रिश्तेदार सहित कुल 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर देर रात घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, 10 मार्च की रात जिला पुलिस के ‘समाधान सेल’ को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम तेलासी स्थित मुक्तिधाम के पास बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गिधपुरी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस की आहट मिलते ही जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर सभी 7 आरोपियों को धर दबोचा।

नकदी समेत लाखों का सामान बरामद

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मशरूका जब्त किया है, जिसका विवरण निम्नानुसार है:

  • नकद राशि: 1,52,000 रुपये
  • वाहन: 2 मोटरसाइकिल
  • मोबाइल: 7 स्मार्टफोन
  • अन्य: 52 पत्ती ताश

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पकड़े गए आरोपियों में से अधिकांश रायपुर जिले के खरोरा क्षेत्र के रहने वाले हैं:

  1. धर्मेंद्र उर्फ राजा डहरिया (28 वर्ष), निवासी- अमसेना, खरोरा
  2. मुकेश कुमार मनहरे (34 वर्ष), निवासी- भंडारपुरी, खरोरा
  3. श्रवण जोशी (51 वर्ष), निवासी- कोडापार, खरोरा
  4. राहुल मनहरे (34 वर्ष), निवासी- भंडारपुरी, खरोरा
  5. मालिक राम डहरिया (35 वर्ष), निवासी- कोडापार, खरोरा
  6. आनंद बंजारे (40 वर्ष), निवासी- भंडारपुरी, खरोरा
  7. अजीत सुरतांगे (35 वर्ष), निवासी- सुंदरी, पलारी

कड़ी धाराओं में मामला दर्ज

गिधपुरी पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही कर रही है। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Exit mobile version