रायपुर। भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ में सिसायत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। साय ने कहा, कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है। पुलिस ने सोच समझकर कार्रवाई की है। विधायक देवेंद्र यादव छोटा-मोटा आदमी नहीं है।

बता दें कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने साजिश के तहत देवेंद्र यादव को फंसाने का आराेप लगाया है। बघेल ने कहा है कांग्रेस नेताओं को फंसाने की साजिश हो रही है। पुलिस को राजनीतिक दबाव में आकर कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। भाजपा से जुड़े एक भी नेता से पूछताछ नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व विधायक सनम जांगड़े से पूछताछ क्यों नहीं हुई है।
पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी का कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है। इस मामले में विधिक सलाह लेंगे और राजनीतिक कदम भी उठाएंगे।
बता दें कि बलौदाबाजार आगजनी-हिंसा मामले में नोटिस की तामीली नहीं करने पर बलौदाबाजार पुलिस ने शनिवार को कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। विधायक यादव पर बलौदाबाजार में हिंसा भड़काने का आरोप लगा है। विधायक के गिरफ्तारी का विरोध करने सैकड़ों की संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। गिरफ्तारी से पहले कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने कार के ऊपर चढ़कर सीना ठोककर और सतनाम का झंडा लहराया। इस दौरान संविधान की किताब भी लहराते हुए अपने समर्थकों का आभार जताया और कहा कि हम लड़ेंगे और जीतेंगे।