रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रायपुर पहुंचे थे। सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद। PM मोदी विशाल जनसभा को संबोधित किए। उन्होंने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। हर एक विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। जिसके बाद अब प्रदेश की सियासत गर्म है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने PM मोदी पर जमकर पलटवार किया है। भूपेश बघेल ने ट्वीट करके लिखा, आप आए तो फिर झूठ की बयार बहने लगी मोदी जी। सिंहदेव ने कहा, चुनाव के समय प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ की याद आती है। वहीं मोहन मरकाम ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम के ननिहाल में आकर झूठ बोलने के चक्कर में माता कौशल्या और भांचा राम को ही भूल गए।

CM बघेल ने क्या-क्या कहा?
प्रदेश भाजपा के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे कि धान खरीदी केंद्र के पैसों से होती हैं। आप प्रधानमंत्री हैं, आपको तो सच पता है, लेकिन आप भी झूठ बोल गए।
यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि धान उपार्जन का 80 प्रतिशत राशि राज्य केंद्र ले लेता है। अगर आपकी सरकार की भूमिका राज्यों के धान खरीदी में इतनी ही है तो आपके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में किसान 1000-1200 रुपए क्विंटल में धान क्यों बेचने पर मजबूर हैं मोदी जी?
आपको छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं ने गलत जानकारी दी और आप भाषण पढ़कर चले गए। छत्तीसगढ़ का बच्चा बच्चा जानता है कि हमने गंगाजल की कसम खाई थी कि, दस दिनों के भीतर किसानों की कर्जमाफी करेंगे, और सरकार बनने के दो घंटों के भीतर कर्ज माफी हो गई थी।
भूपेश बघेल ने कहा, पीएम मोदी आदिवासियों के बात कर रहे थे। 15 साल रमन सिंह को मिला लेकिन RBI की रिपोर्ट 2018 में जारी हुई थी और उसमें देश में सबसे ज्यादा गरीबी और कुपोषण के मामले में छत्तीसगढ़ था।

सबसे ज्यादा एनीमिया से पीड़ित महिलाएं छत्तीसगढ़ से थीं। इसे दूर करने का काम हम लोग कर रहे हैं। आज किसान, मजदूर, महिलाओं को गरीबी से ऊपर उठाने का काम हम लोग कर रहे हैं।
पीएम केवल झूठ परोस के गए हैं। पहले हम लोग दूर से सुनते थे कि, प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं। 15-15 लाख दूंगा 2 करोड़ लोगों को रोजगार दूंगा। वह मिला नहीं और अब माता कौशल्या की नगरी में आकर झूठ परोस कर गए हैं।

डिप्टी CM सिंहदेव ने क्या-क्या कहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण में एक भी नई बात नहीं थी। उन्हें छत्तीसगढ़ में 36 हजार करोड़ के धान घोटाले की जांच की बात कहनी थी लेकिन नहीं की।
पीएम का दौरा पूरी तरह चुनावी था। वे पिछले चुनाव के पहले आए थे, और अब भी चुनाव से पहले आए हैं। बीच में छत्तीसगढ़ उनकी प्राथमिकता में नहीं था।
प्रधानमंत्री को सिर्फ चुनाव के समय छत्तीसगढ़ की याद आती है।

PCC चीफ मरकाम ने क्या-क्या कहा?
- मोहन मरकाम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राम के ननिहाल में आकर माता कौशल्या और भांचा राम को भूल गए। उन्हें माता कौशल्या की जय बोलने से परहेज है।
- पीएम के आने के पहले हमने 21 सवाल किए थे। पीएम के पास जवाब नहीं था या देना नहीं चाहते थे। उन्होंने जन हितैषी सरकार के खिलाफ झूठ बोला है।
- कांग्रेस की सरकार शराबबंदी की दिशा में आगे बढ़ चुकी है। अब तक 150 शराब की दुकान बंद की गई है।




इनपुट- DB डिजिटल