जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। केंद्रीय जेल जगदलपुर में 376 के मामले में बंद आरोपी सुरेश सेठिया ने अपनी प्रेमिका मनमती कश्यप के साथ जेल परिसर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचाई। न्यायालय के आदेश के बाद जेल प्रशासन ने शुक्रवार को दोनों की शादी की व्यवस्था कराई। इस दौरान दुल्हन के परिजन, अधिवक्ता और जेल प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जानकारी के मुताबिक, करीब सात महीने पहले सुरेश सेठिया के खिलाफ परपा थाना में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सुरेश पिछले सात महीने से केंद्रीय जेल जगदलपुर में बंद था।
इसी दौरान उसकी प्रेमिका मनमती कश्यप लगातार उससे जेल में मुलाकात करती रही। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद मनमती ने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में आवेदन देकर अपने प्रेमी से शादी करने और उसे रिहा करने की मांग की। दोनों के बालिग होने के चलते न्यायालय के आदेश के बाद जेल परिसर में ही शादी कराने की अनुमति दी गई।

शुक्रवार को केंद्रीय जेल जगदलपुर परिसर में दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराई गई। शादी में लड़की के परिवार के सदस्यों के साथ अधिवक्ता और जेल प्रशासन के कर्मचारी मौजूद रहे। जेल प्रशासन की ओर से वर पक्ष की शादी की रस्में निभाई गईं।
अधिवक्ता अवधेश झा ने बताया कि शादी होने के बावजूद सुरेश सेठिया के खिलाफ चल रही कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। मामले में दुल्हन मनमती कश्यप के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस्तर में दूसरी बार जेल परिसर में हुई ऐसी शादी
जेल प्रशासन के मुताबिक, बस्तर संभाग में जेल परिसर में शादी का यह दूसरा मामला है। इससे पहले वर्ष 2011 में भी जेल परिसर में इसी तरह एक कैदी की शादी कराई गई थी।
केंद्रीय जेल जगदलपुर के जेलर एसएल नायर ने बताया कि शासन-प्रशासन की ओर से अंतरजातीय विवाह को हमेशा प्रोत्साहित किया जाता रहा है। दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी इच्छा से शादी करने की बात कही थी। इसके बाद दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की ओर से न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने 24 जुलाई को शादी की तारीख निर्धारित की। इसके बाद लड़की के परिजनों और जेल स्टाफ की मौजूदगी में जेल परिसर में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

