रायगढ़। जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों को लगातार निशाना बना रहे चावल-शक्कर चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुसौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग राशन दुकानों से चोरी किया गया 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद हुई है। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा कार भी जब्त की है। बरामद सामान और वाहनों समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 38.60 लाख रुपए बताई गई है।
शक्कर की बोरी में छिपाया GPS बना पुलिस का हथियार
पुसौर क्षेत्र में पिछले कुछ समय से राशन दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। चोर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते और दुकान को निशाना बनाने के बाद तुरंत फरार हो जाते थे। घटनाओं का तरीका एक जैसा होने के कारण पुलिस को किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने का संदेह हुआ। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने राशन दुकान संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी। इसी दौरान पुलिस ने कम लागत वाले GPS ट्रैकर के इस्तेमाल का सुझाव दिया। एक राशन दुकान की शक्कर की बोरी में ट्रैकर छिपा दिया गया।
चोरी हुई बोरी और शुरू हो गई चोरों की तलाश
25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात को कोतमरा की शासकीय राशन दुकान में चोरी हुई। चोर दूसरी सामग्री के साथ वही शक्कर की बोरी भी उठा ले गए, जिसमें GPS ट्रैकर छिपा था। पुलिस ने तत्काल ट्रैकर के सिग्नल को ट्रेस करना शुरू किया। सिग्नल के जरिए पुलिस टीम को आरोपियों की लोकेशन रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर जाती मिली। इसके बाद पुसौर पुलिस ने घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस टीम के साथ मिलकर पीछा किया। ट्रैकर के संकेत आखिरकार पत्थलगांव तक पहुंचे, जहां पुलिस ने एक राशन दुकानदार सेवाल कुजूर के पास से ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी बरामद कर ली।
पूछताछ में सामने आए गिरोह के बाकी सदस्य
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सेवाल कुजूर ने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी चोरी का माल उसके पास छोड़कर गए थे। इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के इलाकों में दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से क्रेटा और इनोवा कार बरामद की। दोनों वाहनों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। पूछताछ में पूर्व में भी चोरी का माल सेवाल कुजूर को बेचे जाने की जानकारी सामने आई है।
तीन चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में चोरी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित तरीके से अपराध करने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बाकी घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।
38.60 लाख की संपत्ति जब्त
कार्रवाई में पुलिस ने 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3.60 लाख रुपए है, बरामद की है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल क्रेटा और इनोवा की कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय अन्य लोगों से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
लगातार हो रही थी राशन दुकानों में चोरी
पुलिस के मुताबिक पुसौर क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में राशन दुकानों से बड़ी मात्रा में चावल और शक्कर चोरी होने की शिकायतें सामने आई थीं। इनमें औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
एसएसपी ने दी मामले की जानकारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय राशन दुकानों में चोरी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी की संपत्ति की बरामदगी और अपराध में सहयोग करने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आधुनिक तकनीक और पुलिस-नागरिक समन्वय को अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण बताया गया है।
