बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती से दरिंदगी : बदमाशों ने प्रेमी को डंडे से पीटकर किया बेहोश, दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करने वाला मामला सामने आया है। खरसिया क्षेत्र के बोतल्दा रॉक गार्डन में घूमने गए एक प्रेमी जोड़े पर दो युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने पहले 20 वर्षीय युवती के बॉयफ्रेंड को डंडे से बेरहमी से पीटकर बेहोश कर दिया। इसके बाद युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और लूटपाट की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात का वीडियो भी बनाया। उन्होंने पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

शिकायत के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद खरसिया पुलिस ने जांच और पतासाजी करते हुए राहुल पटेल और फनेश्वर पटेल को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

वारदात में इस्तेमाल डंडा और लूटा गया सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा, आईफोन और लूट की रकम बरामद की है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन में अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं। पुलिस इनकी जांच कर रही है।

Exit mobile version